तेलंगाना हाई कोर्ट की ओर से कांग्रेस नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई FIR से जुड़े मामले में शुक्रवार एक सप्ताह की अग्रिम जमानत दे दी। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाए थे कि रिनिकी के पास एक से अधिक पासपोर्ट हैं।
जस्टिस के. सुजाना ने आदेश सुनाते हुए कहा, ‘याचिकाकर्ता को संबंधित कोर्ट में आवेदन के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाता है… याचिकाकर्ता को एक सप्ताह की राहत कुछ शर्तों के साथ दी जाती है।’
गुवाहाटी में हुई है पवन खेड़ा के खिलाफ FIR
खेड़ा के खिलाफ गुवाहाटी क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में धारा 175 (चुनाव के संबंध में झूठा बयान), 35, 36, 318 (धोखाधड़ी), 338 (मूल्यवान वसीयत, सुरक्षा आदि की जालसाजी), 337 (न्यायालय के अभिलेख या पब्लिक रजिस्टर आदि की जालसाजी), 340 (जाली दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और उसे असली के रूप में उपयोग करना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 356 (मानहानि) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पवन खेड़ा ने हैदराबाद में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जहां उनका आवास है। लाइव लॉ की एक रिपोर्ट के अनुसार असम पुलिस की ओर से हाई कोर्ट में पेश हुए देवजीत सैकिया ने तर्क दिया कि खेड़ा ‘भाग सकते’ हैं। उन्होंने बताया कि जब असम पुलिस के अधिकारी उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे तो वे दिल्ली से हैदराबाद भाग गए।
उन्होंने हैदराबाद में याचिका की वैधता को भी चुनौती दी और सवाल उठाया कि खेड़ा ने असम या देश में कहीं और की अदालत में याचिका क्यों नहीं दायर की। वहीं, खेड़ा की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने तर्क दिया कि आपराधिक कार्यवाही राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है।
पवन खेड़ा के किन आरोपों पर हुआ विवाद?
कांग्रेस नेता ने 5 अप्रैल को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी, रिनिकी भुयान शर्मा के पास तीन पासपोर्ट और कई विदेशी संपत्ति है, जिसका उल्लेख मुख्यमंत्री के चुनावी शपथ पत्र में नहीं किया गया है।
दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेड़ा ने कहा था, ‘मौजूदा मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भ्यान शर्मा आज भारतीय नागरिक नहीं हैं। यह राष्ट्रविरोधी गतिविधि है…तीन पासपोर्ट कौन रखता है… हेमंता इस देश से भागने की योजना बना रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश गुप्ता को उनकी उम्मीदवारी रद्द कर देनी चाहिए।’
खेड़ा ने कहा था, ‘हिमंता बिस्वा सरमा की पूरी राजनीति मुसलमानों के प्रति नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट कैसे हैं? भारतीय कानून के अनुसार, दोहरी नागरिकता नहीं हो सकती, तो क्या रिनिकी शर्मा के पास भी भारतीय पासपोर्ट है? हिमंता बिस्वा सरमा क्या अमित शाह के दत्तक पुत्र हैं? और क्या देश के गृह मंत्री को पता था कि उनके दत्तक पुत्र की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट हैं?’
असम चुनाव की गहमागहमी के बीच मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा था कि आरोपों के संदर्भ में सर्कुलेट कराए जा रहे दस्तावेज फर्जी हैं। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा था कि झूठे आरोपों को लेकर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि के मामले दर्ज किए जाएंगे। मुख्यमंत्री की पत्नी ने भी खेड़ा द्वारा दिखाए गए दस्तावेजों में कथित ‘एआई जनरेशन और फोटोशॉपिंग’ जैसे आरोप लगाए थे।
यह भी पढ़ें- हरिवंश की राज्यसभा में वापसी, राष्ट्रपति ने किया मनोनीत, फिर बनेंगे उपसभापति?

