Sunday, April 5, 2026
Homeसाइंस-टेकWhatsApp ने iOS यूजर्स के लिए लाया CarPlay ऐप, ड्राइविंग के दौरान...

WhatsApp ने iOS यूजर्स के लिए लाया CarPlay ऐप, ड्राइविंग के दौरान मैसेजिंग और कॉलिंग होगा आसान

व्हाट्सऐप अपडेट पर करीब से नजर रखने वाली वेबसाइट wabetainfo के अनुसार, कंपनी के इस नए अपडेट के साथ अब एक आधिकारिक ऐप इंटरफेस मिलेगा, जबकि इससे पहले व्हाट्सएप कारप्ले पर पूरी तरह से सिरी (Siri) पर निर्भर था।

नई दिल्ली: व्हाट्सऐफ (WhatsApp) लगातार अपने प्लेटफॉर्म को ज्यादा सुरक्षित और उपयोगी बनाने की दिशा में नए फीचर्स जोड़ रहा है। इसी कड़ी में कंपनी ने आईओएस (iOS) बीटा यूजर्स के लिए कार प्ले (CarPlay) का नेटिव ऐप पेश किया है। इस ऐप के जरिए ड्राइविंग के दौरान मैसेजिंग और कॉलिंग आसान और सुरक्षित होने वाला है। इसके अलावा व्हाट्सऐप कई अन्य फीचर्स और सिक्योरिटी अपडेट्स पर भी काम कर रहा है, जो आने वाले समय में यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाएंगे।

1. अब गाड़ी चलाना होगा और भी आसान

व्हाट्सऐप अपडेट पर करीब से नजर रखने वाली वेबसाइट wabetainfo के अनुसार, कंपनी के इस नए अपडेट के साथ अब एक आधिकारिक ऐप इंटरफेस मिलेगा, जबकि इससे पहले व्हाट्सएप कारप्ले पर पूरी तरह से सिरी (Siri) पर निर्भर था। इस इंटरफेस में एक व्यवस्थित चैट लिस्ट शामिल की गई है जिससे ड्राइवर संपर्कों को आसानी से ढूंढ सकेंगे, हालांकि सुरक्षा कारणों से इसमें पूरी चैट पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा, यूजर्स अब एक ही टैब में अपनी सभी इनकमिंग, आउटगोइंग और मिस्ड कॉल्स की हिस्ट्री भी देख सकेंगे।

2. ऑनलाइन कॉन्टैक्ट्स पर नजर

एंड्रॉइड बीटा के अपडेटेड वर्जन 2.26.13.3 में एक नया सेक्शन जोड़ा जा रहा है, जिससे यह पता चलेगा कि आपके कौन से कॉन्टैक्ट्स इस समय ऑनलाइन हैं। अब यूजर्स अपनी लिस्ट को नाम या ऑनलाइन स्टेटस के आधार पर सॉर्ट कर सकेंगे। प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए इसमें यह प्रावधान किया गया है कि यदि किसी संपर्क ने अपना ‘लास्ट सीन’ (Last Seen) बंद कर रखा है, तो वे इस सूची में दिखाई नहीं देंगे।

3. बिना DP वाले कॉन्टेक्ट की पहचान

अक्सर कई यूजर्स अपनी प्रोफाइल फोटो (DP) नहीं लगाते हैं, जिससे उन्हें पहचानना मुश्किल होता है। आईओएस के नए अपडेट में व्हाट्सएप अब ऐसे संपर्कों के लिए आपके फोन की एड्रेस बुक में सेव की गई फोटो को ऑटोमैटिक तरीके से प्रदर्शित करेगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि यह बदलाव केवल आपके व्यक्तिगत डिवाइस तक ही सीमित रहेगा।

4. नए इमोजी और सुरक्षा अलर्ट

यूनिकोड 17.0 के तहत एंड्रॉइड बीटा यूजर्स के लिए 8 नए इमोजी पेश किए गए हैं, जिनमें डिस्टॉर्टेड फेस, ऑर्का (व्हेल), ट्रोम्बोन और खजाना जैसे विकल्प शामिल हैं। सुरक्षा के मोर्चे पर, व्हाट्सएप ने एक फर्जी ‘क्लोन’ ऐप का पता लगाया है जिसका इस्तेमाल आईफोन यूजर्स पर स्पाइवेयर डालने के लिए किया जा रहा था। कंपनी ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 200 प्रभावित यूजर्स को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित रूप से लॉग-आउट कर दिया है।

5. अन्य महत्वपूर्ण फीचर्स

यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए व्हाट्सऐप ने सभी यूजर्स को 6-अंकों का टू-स्टेप वेरिफिकेशन (2FA) पिन सेट करने की सलाह दी है। साथ ही, व्हाट्सऐप चैनल एडमिन्स के लिए ऐसा फीचर ला रहा है जिससे एडमिन अपने 30 दिन से पुराने अपडेट्स पर भी रिप्लाई करके अतिरिक्त जानकारी दे सकेंगे। इसके अलावा, व्हाट्सएप एक नए ‘बिजनेस फिल्टर’ पर भी काम कर रहा है, जिससे यूजर्स अपने सामान्य व्यक्तिगत चैट्स और बिजनेस अकाउंट्स के बीच आसानी से अंतर कर पाएंगे।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments