Homeभारतचतरा विमान हादसा: एयर एंबुलेंस क्रैश में सात लोगों की जान गई,...

चतरा विमान हादसा: एयर एंबुलेंस क्रैश में सात लोगों की जान गई, शाम 7:11 बजे टेकऑफ के बाद क्या-क्या हुआ?

डीजीसीए ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई है।

झारखंड के चतरा जिले में सोमवार रात एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। रांची से नई दिल्ली जा रही यह मेडिकल इवैक्युएशन फ्लाइट निर्धारित समय पर दिल्ली नहीं पहुंच सकी। विमान में पायलट और को-पायलट के अलावा एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और दो अटेंडेंट सवार थे। यह बीचक्राफ्ट किंग एयर C90 (VT-AJV) विमान दिल्ली स्थित रेडबर्ड एयरवेज द्वारा संचालित किया जा रहा था।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के मुताबिक, विमान ने शाम करीब 7:11 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के बाद कोलकाता एटीसी से संपर्क स्थापित हुआ, लेकिन रात 7:34 बजे वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में उसका रडार और संचार संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान से दोबारा संपर्क नहीं हो सका। कुछ समय बाद यह चतरा जिले की कसारिया पंचायत के सिमरिया क्षेत्र के जंगलों में गिर गया। स्थानीय प्रशासन को रात करीब 10 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। दुर्गम भूभाग के कारण राहत और बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। चतरा के एसपी सुमित कुमार ने बताया कि सभी सात लोगों को मौके पर मृत घोषित कर दिया गया।

डीजीसीए ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जाएगी और किसी भी तरह की अटकलों से बचा जाए।

यह घटना हाल के महीनों में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक और बड़ा झटका है। इससे पहले पुणे के बारामती में लियरजेट 45 विमान दुर्घटना में एनसीपी नेता अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। उस मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी तक जारी होने की जानकारी केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने दी है। वहीं जून 2025 में अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया की एआई 171 ड्रीमलाइनर फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें केवल एक ब्रिटिश नागरिक जीवित बचा था। उस हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट अब तक जारी नहीं हुई है।

हादसे की टाइमलाइन

शाम 07:11 बजे: एयर एंबुलेंस ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए सफल उड़ान भरी।

शाम 07:15 – 07:30 बजे: विमान ने अगले स्टेशन (कोलकाता एटीसी) के साथ संपर्क स्थापित किया और नियंत्रण स्थानांतरित किया गया।

शाम 07:34 बजे: वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में विमान का रडार और कोलकाता एटीसी से संपर्क पूरी तरह टूट गया।

रात 08:00 – 09:30 बजे: संपर्क बहाल न होने पर अलर्ट जारी किया गया और पलामू-चतरा के सीमावर्ती इलाकों में खोज शुरू की गई।

रात 10:00 बजे: जिला प्रशासन को सिमरिया के पास कसरिया पंचायत के जंगलों में विमान गिरने की पहली सूचना मिली।

रात 10:00 बजे: यह वही समय था जब विमान को दिल्ली में लैंड करना था, लेकिन वह दुर्घटनास्थल पर मलबे में तब्दील हो चुका था।

रात 10:20 बजे: चतरा पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर विमान में सवार सभी सात लोगों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की।

देर रात: डीजीसीए ने आधिकारिक बयान जारी कर जांच के आदेश दिए और AAIB की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया।

    author avatar
    अनिल शर्मा
    दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
    Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
    अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
    दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
    RELATED ARTICLES

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Most Popular