Wednesday, April 8, 2026
Homeविश्वकोलंबिया में एक विमान हादसा, सांसद सहित 15 लोगों की मौत, अब...

कोलंबिया में एक विमान हादसा, सांसद सहित 15 लोगों की मौत, अब तक क्या बातें सामने आईं?

नागरिक उड्डयन एजेंसी के जांचकर्ता अब मलबे से सुराग जुटाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या खराब मौसम की वजह से।

कोलंबिया में एक दर्दनाक विमान हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। इसमें एक सांसद और आगामी चुनावों के उम्मीदवार भी शामिल हैं। हादसा बुधवार को कोलंबिया-वेनेजुएला सीमा के पास उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में हुआ।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राज्य संचालित एयरलाइन सतेना का यह छोटा विमान बीचकक्राफ्ट 1900 था, जो कुकुता शहर से उड़ान भरकर ओकाना जा रहा था। उड़ान संख्या NSE 8849 ने स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 11:42 बजे टेकऑफ किया था और 12:05 बजे लैंड करना था। लेकिन 11:54 बजे के आसपास एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी रडार से इसका संपर्क टूट गया। इसके बाद बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया।

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 13 यात्री और दो क्रू मेंबर शामिल थे। हादसे में कोलंबिया की संसद के सदस्य डायोजेनेस क्विंटेरो और मार्च में होने वाले चुनावों के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो भी मारे गए। स्थानीय सांसद विलमर कैरिलो ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि इस दुर्घटना में उनके सहयोगी और उनकी टीमें सफर कर रही थीं।

विमान का मलबा ला प्लाया दे बेलें के ग्रामीण इलाके में मिला

जिस कैटाटुम्बो क्षेत्र में यह हादसा हुआ, वह अपनी ऊबड़-खाबड़ पहाड़ियों और पल-पल बदलते मौसम के लिए जाना जाता है। इसके अलावा, यह इलाका कोलंबिया के सबसे बड़े छापामार समूह ‘नेशनल लिबरेशन आर्मी’ (ईएलएन) के नियंत्रण में भी आता है, जिससे बचाव कार्यों में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। सरकार ने शवों की बरामदगी और मलबे की तलाश के लिए वायुसेना और थल सेना के विशेष दस्तों को तैनात किया।

गुरुवार को विमान का मलबा ला प्लाया दे बेलें के ग्रामीण इलाके में मिला। स्थानीय मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में विमान का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आया। अधिकारियों ने बताया कि कोई भी जीवित नहीं बचा।

ये भी पढ़ेंः अजित पवार से लेकर जहांगीर भाभा तक, इन प्रमुख हस्तियों ने हवाई हादसों में गंवाई जान

उड्डयन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है। नॉर्ते दे सैंतांदर प्रांत के गवर्नर कार्यालय ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। नागरिक उड्डयन एजेंसी के जांचकर्ता अब मलबे से सुराग जुटाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या खराब मौसम की वजह से।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments