रायपुरः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने डायल 112 आपात सेवा में तैनात एक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना 8 जनवरी की रात बैंकिमोंगरा थाना क्षेत्र में हुई। युवती की शिकायत पर पहले सिविल लाइन थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे बाद में बैंकिमोंगरा थाने भेजा गया। वहां शुक्रवार को मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जो डायल 112 का चालक है, उसने रात करीब 11 बजे युवती को फोन कर बैंकि इलाके में स्थित एक सुनसान सरकारी क्वार्टर में बुलाया। वहां आरोपी और उसके चार साथियों ने कथित तौर पर युवती के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। होश में आने के बाद युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच में से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें डायल 112 का चालक भी शामिल है।
कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और बाकी तीन आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

