Homeभारत'कानून जनता की सुविधा के लिए हों, बोझ बनने के लिए नहीं',...

‘कानून जनता की सुविधा के लिए हों, बोझ बनने के लिए नहीं’, इंडिगो संकट पर पीएम मोदी

नई दिल्लीः मंगलवार को संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग में एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई। बिहार विधानसभा चुनाव में गठबंधन की जीत पर सांसदों ने प्रधानमंत्री को माला पहनाकर सम्मानित किया।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून-निर्माताओं से कहा है कि देश में ऐसे सुधार किए जाएं जो जनता की सेवा करें, न कि उन्हें परेशान करें। इंडिगो एयरलाइन में जारी भारी अव्यवस्था के बीच उनका यह संदेश खास महत्व रखता है।

एनडीए सांसदों के साथ हुई बैठक के बाद प्रधानमंत्री की बातों को साझा करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से कहा, “सरकार की वजह से लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। नियम और कानून व्यवस्था सुधारने के लिए होते हैं, जनता को परेशान करने के लिए नहीं।”

रिजिजू ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसा कोई कानून या नियम नहीं होना चाहिए जो आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान करे। कानून लोगों पर बोझ नहीं, उनकी सुविधा के लिए होने चाहिए।”

यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इंडिगो लगातार आठ दिन से परिचालन संकट से जूझ रही है। नए कार्य-घंटे नियमों के लागू होने के बाद पर्याप्त योजना न बना पाने के कारण एयरलाइन को पायलटों की कमी का सामना करना पड़ा, जिससे देशभर में सैकड़ों उड़ानें रद्द या विलंबित हुईं। हजारों यात्री फंसे और एयरलाइन संचालन व नियामकीय निगरानी पर सवाल उठने लगे।

स्थिति बिगड़ने पर डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीओओ इसिड्रे पोरकेरास को कारण बताओ नोटिस जारी किया। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरलाइन ने सोमवार को केंद्र को एक बेहद नियंत्रित जवाब भेजा।

सख्त हुई सरकार

इधर बढ़ते दबाव को देखते हुए सरकार ने आज उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें नागरिक उड्डयन मंत्रालय और प्रमुख एयरलाइन अधिकारियों को समस्या के समाधान पर चर्चा के लिए शामिल किया गया है।

डीजीसीए ने एयरलाइन की अक्षमता का हवाला देते हुए उसके उड़ान कार्यक्रम में 5 फीसदी की कटौती का आदेश भी दिया है। नियामक ने कहा कि इंडिगो “अपने मौजूदा कार्यक्रम को कुशलता से संचालित करने में सक्षम नहीं दिखी है।”

इसके साथ ही उच्च मांग वाले रूटों पर भी उड़ानों में कटौती करने और ऐसे सेक्टर से बचने की हिदायत दी गई है जहां एक ही उड़ान संचालित होती है और किसी तरह का बैकअप उपलब्ध नहीं रहता। इंडिगो को गुरुवार शाम 5 बजे तक नया उड़ान कार्यक्रम जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular