HomeमनोरंजनNetflix-Warner Bros डील क्या है, हॉलीवुड पर भी दिखेगा असर? पूरी डिटेल

Netflix-Warner Bros डील क्या है, हॉलीवुड पर भी दिखेगा असर? पूरी डिटेल

नेटफ्लिक्स ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसने वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के टीवी, फिल्म स्टूडियो और स्ट्रीमिंग डिवीजन को 72 अरब डॉलर (6.48 लाख करोड़ रुपये) में खरीदने का सौदा कर लिया है।

ओटीटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी नेटफ्लिक्स अब हॉलीवुड के सबसे पुराने फिल्म स्टूडियो में से एक वॉर्नर ब्रदर्स को खरीदने जा रही है। माना जा रहा है कि यह बड़ा सौदा वैश्विक इंटरटेनमेंट बिजनेस में एक महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।
हैरी पॉटर फिल्मों और डीसी सुपरहीरो फ्रैंचाइजी (बैटमैन, सुपरमैन) फिल्मों का निर्माता रहा वॉर्नर ब्रदर्स अमेरिका के बड़े स्टूडियो में से एक हैं।

स्ट्रीमिंग दिग्गज नेटफ्लिक्स को उम्मीद है कि यह सौदा अगले एक साल से 18 महीनों में पूरा हो जाएगा। नेटफ्लिक्स द्वारा हॉलीवुड के इस दिग्गज स्टूडियो के अधिग्रहण की घोषणा के बाद क्या कुछ बदलने जा रहा है? ओटोटी से लेकर फिल्म देखने सिनेमा हॉल में जाने वालों के लिए क्या कुछ बदलेगा, जानने की कोशिश करते हैं। खासकर अमेरिकी फिल्म इंडस्ट्री यानी हॉलीवुड में असर नजर आ सकता है।

वॉर्नर ब्रदर्स-नेटफ्लिक्स डील

नेटफ्लिक्स ने शुक्रवार (5 दिसंबर) को घोषणा की कि उसने वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के टीवी, फिल्म स्टूडियो और स्ट्रीमिंग डिवीजन को 72 अरब डॉलर (6.48 लाख करोड़ रुपये) में खरीदने का सौदा कर लिया है। इस तरह वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी दो सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाली कंपनियों में विभाजित हो जाएगी। नेटफ्लिक्स वार्नर ब्रदर्स के आधे हिस्से का अधिग्रहण करेगा, जबकि उसके अमेरिकी समाचार और लाइफस्टाइल चैनल जिनमें सीएनएन, डिस्कवरी, टीबीएस और टीएनटी शामिल हैं, डिस्कवरी ग्लोबल के अधीन आ जाएँगे।

वॉर्नर ब्रदर्स के पास गेम ऑफ थ्रोन्स, सक्सेशन और द व्हाइट लोटस जैसी हिट फिल्में, और स्ट्रीमिंग सेवा एचबीओ मैक्स जैसी कई फ्रैंचाइजी हैं। नेटफ्लिक्स ने अपने प्रतिद्वंद्वी कॉमकास्ट और पैरामाउंट स्काईडांस को हराकर वॉर्नर ब्रदर्स के लिए सफल बोली लगाई। नेटफ्लिक्स ने कहा कि ‘यह अधिग्रहण हमारी प्रस्तुति को बेहतर बनाएगा और आने वाले दशकों में हमारे व्यवसाय को गति देगा।’

नेटफ्लिक्स के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी टेड सारंडोस ने कहा कि वॉर्नर ब्रदर्स के शो और फिल्मों की लाइब्रेरी को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की विविध सामग्री के साथ जोड़कर, ‘हम दर्शकों को उनकी पसंद की चीजें और ज्यादा दे सकते हैं और अगली सदी में कहानी कहने के तरीके को परिभाषित करने में मदद कर सकते हैं।’

उन्होंने आगे कहा, ‘वॉर्नर ब्रदर्स ने मनोरंजन की पिछली सदी को परिभाषित किया है, और हम मिलकर अगली सदी को परिभाषित कर सकते हैं।’

नेटफ्लिक्स-वॉर्नर ब्रदर्स डील से बदल जाएगा हॉलीवुड?

दुनिया के सबसे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के ग्राहकों की संख्या 30 करोड़ से ज्यादा हो गई है। अगर यह सौदा पूरी तरह मंजूर हो जाता है, तो समझ लीजिए नेटफ्लिक्स हॉलीवुड के सबसे बड़े और सबसे प्रतिष्ठित फिल्म स्टूडियो में से एक को अपने अंदर समाहित कर लेगा।

हाल के वर्षों में ऑनलाइन स्ट्रीमिंग ने फिल्मों और टीवी शो के वितरण के तरीके को बदल कर रख दिया है। इससे वॉर्नर ब्रदर्स जैसी परंपरागत मीडिया और फिल्म कंपनियों को अपने स्वयं के ऑनलाइन प्रस्तुति में संघर्ष करना पड़ा है। यह भी देखा जा रहा है कि दर्शक और विज्ञापनदाता भी फिल्म थिएटरों में कम जाने लगे हैं। जाहिर है बड़ी आशंका इसे लेकर है कि क्या अब फिल्में मुख्यरूप से ओटीटी के लिए बनने लगेंगी।

वैसे, अपनी तमाम सफलताओं के बावजूद दुनिया का सबसे प्रभावशाली स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स अब तक दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल नहीं कर पाया है। एक- इसे अभी तक सर्वश्रेष्ठ फिल्म का एकेडमी अवॉर्ड (ऑस्कर) नहीं मिला है। दूसरा, यह एक भी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने में नाकाम रहा है।

संभव है कि वॉर्नर ब्रदर्स का अधिग्रहण नेटफ्लिक्स को बड़े पर्दे के लिए फिल्में बनाने की ओर प्रेरित कर सकता है। इसके अलावा, इस सौदे से नेटफ्लिक्स को वॉर्नर ब्रदर्स के लगभग एक सदी पुराने शीर्षकों- जैसे हैरी पॉटर सीरीज और द गेम ऑफ थ्रोन्स तक पहुँच मिलेगी। नेटफ्लिक्स साथ ही एचबीओ के 12.8 करोड़ ग्राहकों में से कुछ को अपने पहले से ही 30 करोड़ से ज्यादा की संख्या वाले सब्सक्राइबर्स में भी शामिल कर लेगा।

डील का हो रहा विरोध भी

वॉर्नर ब्रदर्स ने कैसाब्लांका, गॉन विद द विंड और द एक्सॉर्सिस्ट जैसी क्लासिक फिल्में बनाकर हॉलीवुड को एक अलग पहचान दी थी। हालाँकि, नेटफ्लिक्स द्वारा स्टूडियो को खरीदना दर्शाता है कि अमेरिका में सिनेमा का वो स्वर्णिम युग समाप्त हो चुका है और स्ट्रीमिंग ही भविष्य है।

शोध फर्म फॉरेस्टर के वाइस प्रेसिडेंट माइक प्राउलक्स ने बीबीसी से कहा, ‘इस सौदे के साथ यह आधिकारिक हो गया है: पारंपरिक मीडिया का अंत हो रहा है।’

हालांकि नेटफ्लिक्स ने आश्वासन दिया है कि वह सिनेमाघरों में फिल्में रिलीज करता रहेगा, लेकिन बहुत से लोग यह नहीं मानते कि यह इस स्ट्रीमर के लिए प्राथमिकता बनी रहेगी। यह आशंका निराधार भी नहीं है, क्योंकि नेटफ्लिक्स के सारंडोस ने हाल ही में कहा था कि उनका मानना ​​है कि सिनेमा हॉल में फिल्में देखना एक ‘पुरानी अवधारणा’ है।

नेटफ्लिक्स कुछ फिल्मों को थियेटरों में रिलीज करता भी है, लेकिन आमतौर पर कुछ हफ्तों में ही ये स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो जाते हैं। मौजूदा डील में इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्टता नहीं है कि किसी फिल्म को होम एंटरटेनमेंट फॉर्मेट में ले जाने से पहले सिनेमा हॉल में प्रदर्शित करने का कितना मौका मिलेगा। इस समझौते से नेटफ्लिक्स के लिए किसी फिल्म को बड़े पर्दे से हटाकर अपनी शर्तों पर स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर लाना आसान हो जाएगा, जो थिएटर मालिकों के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

यही वजह है कि कई हॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक इस समझौते का विरोध करने के लिए सामने आए हैं। उदाहरण के लिए टाइटैनिक के निर्देशक जेम्स कैमरून ने सौदे से ठीक पहले चेतावनी दी थी कि यह उद्योग के लिए एक आपदा साबित होगा।

अमेरिका और यूरोप के प्रतिस्पर्धा नियामक भी इस समझौते को लेकर चिंतित हैं। इसने दुनिया की दो सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग सेवाओं और दो सबसे बड़े फिल्म और टेलीविजन शो निर्माताओं को एक साथ ला दिया है। इसका मतलब है कि इससे उपभोक्ताओं के लिए विकल्प कम हो जाएँगे और नेटफ्लिक्स को स्ट्रीमिंग उद्योग में एक बड़ा हिस्सा मिल जाएगा।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular